
✎ शिव कुमार त्रिपाठी

(शिवकुमार त्रिपाठी पन्ना) लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे जिला चिकित्सालय परिसर स्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए डाटा एंट्री ऑपरेटर को ₹2500 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।आरोपी विमल खरे पिता कमल किशोर खरे, पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं प्रभारी लिपिक अविज्ञप्त कर्मचारी स्थापना शाखा , सीएमएचओ कार्यालय पन्ना में कार्यरत है।
वहीं शिकायतकर्ता दिलीप डामोर पिता डेल्सन डामोर, लैब टेक्नीशियन क्षय रोग विभाग जिला चिकित्सालय पन्ना हैं। शिकायतकर्ता मूल रूप से झाबुआ निवासी हैं तथा वर्तमान में बैनीसागर मोहल्ला, पन्ना में निवासरत हैं।जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने दिनांक 10 सितंबर 2025 को 25 दिवस के अर्जित अवकाश (ईएल) स्वीकृति के लिए आवेदन दिया था। स्वीकृति प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में आरोपी विमल खरे द्वारा प्रतिदिन ₹100 की दर से कुल ₹2500 रिश्वत मांगी जा रही थी। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने 26 सितंबर 2025 को लोकायुक्त पुलिस सागर के अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी थी

।एसपी लोकायुक्त सागर के निर्देश पर 3 अक्टूबर को शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें आरोप सत्य पाए गए। तत्पश्चात आज दिनांक 8 अक्टूबर 2025, मंगलवार को लोकायुक्त की टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। टीम दोपहर में पन्ना पहुंची और सीएमएचओ कार्यालय परिसर में आरोपी विमल खरे को फरियादी से ₹2500 लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक लोकायुक्त रोशनी जैन ने किया। टीम में निरीक्षक के.एस. उइके, प्रधान आरक्षक सफीक खान, आरक्षक राघवेंद्र, अरविंद, आदेश, गोल्डी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।